नई दिल्ली | सरकार की वित्त और व्यय समिति की सोमवार को एक मीटिंग हुई जिसमें राजधानी दिल्ली में चल रही अलग- अलग परियोजनाओं की समीक्षा कर इन्हें निर्धारित समयावधि में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया. इस मीटिंग में दिल्ली सरकार में डिप्टी सीएम और पीडब्ल्यूडी मंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे. इस दौरान डिप्टी सीएम ने राजधानी क्षेत्र में चल रही विभिन्न परियोजनाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए.
मीटिंग में पीडब्ल्यूडी मंत्री मनीष सिसोदिया ने मेट्रो के मौजपुर-मजलिस पार्क कॉरिडोर में यमुना विहार व भजनपुरा के बीच बन रहे डबल डेकर फ्लाईओवर, सीसीटीवी कैमरा, वाई-फाई सहित 500 स्थानों पर लग रहे 115 फीट ऊंचे तिरंगे संबंधित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट जांची. मीटिंग के दौरान अधिकारियों ने डिप्टी सीएम को अवगत कराया कि 1.4 किलोमीटर लंबे डबल- डेकर फ्लाईओवर का 50 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है और यह फ्लाईओवर 2023 तक पूरा हो जाएगा. बता दें कि इस फ्लाईओवर के उपरी डेक पर मेट्रो तथा निचले डेक पर वाहन रफ्तार भरेंगे.
11 हजार जगहों पर WiFi
दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को बताया कि फ्री वाई फाई योजना के तहत दिल्ली में 11,034 स्थानों पर Wi-Fi Hotspot स्थापित किए गए हैं. इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत प्रतिदिन लाखों लोग मुफ्त में इंटरनेट सर्विस का आनंद उठा रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि नियमित रूप से इन वाई-फाई हॉटस्पॉट के रखरखाव का कार्य भी किया जाता है. इसकी निगरानी के लिए लाइव मॉनिटरिंग मॉडयूल बनाया गया है.
35 हजार CCTV कैमरे
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने मनीष सिसोदिया को बताया कि दिल्ली में सीसीटीवी कैमरे लगाने के प्रोजेक्ट के तहत पहले चरण में 35,000 कैमरे लगाए जा चुके हैं. सिसोदिया ने कहा कि पीडब्ल्यूडी की सड़कों को सीसीटीवी कैमरों से लैस करने के बाद इससे रोड सेफ्टी के साथ-साथ सड़कों के नियमित रखरखाव को लेकर भी मदद मिलेगी.
