अंबाला । आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से डिविजन रेलवे मैनेजर अंबाला को एक धमकी भरा खत मिला है. इस खत में शिमला, चंडीगढ़, अंबाला छावनी, यमुनानगर और सहारनपुर समेत कई रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. खत में 26 नवंबर से 6 दिसंबर के बीच रेलवे स्टेशनों पर धमाके की बात लिखी गई है.
वहीं धमकी भरा खत मिलने के बाद अंबाला पुलिस सतर्क हो गई है और कार्रवाई अमल में लाते हुए मोहम्मद आमिम शेख नाम के एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. थाना पड़ाव एसएचओ देवेन्द्र सिंह ने बताया कि रेलवे पुलिस के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन अंबाला छावनी की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है. उन्होंने कहा कि अंबाला बस स्टैंड और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
एसएचओ देवेन्द्र ने बताया कि धमकी भरा खत मिलने के बाद इस मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. उन्होंने कहा कि अगर किसी शरारती तत्व ने यें किया होगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. बाकि लश्कर-ए-तैयबा आतंकी संगठन के एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है.
