हरियाणा में उच्च शिक्षा पर लोन लेने वाली महिलाओं को ब्याज पर मिलेगी सब्सिडी, इन डाक्यूमेंट्स की होगी जरूरत

चंडीगढ़ | हरियाणा में शिक्षा ग्रहण करने वाली महिलाओं के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है. प्रदेश सरकार ने हायर एजुकेशन शिक्षा के लिए बैंक से लोन लेने वाली महिलाओं को ब्याज पर 5% सब्सिडी देने का फैसला लिया है. बैंक यदि 9.25% की ब्याज दर पर ऋण देते हैं तो महिलाओं को अपनी जेब से सिर्फ 4.25% ब्याज देना होगा जबकि बाकी 5% राशि का महिला विकास निगम भुगतान करेगा.

JOB

महिला विकास निगम की पहल पर उच्चतर शिक्षा विभाग ने छात्राओं को लोन सब्सिडी के लिए सभी विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रार और राजकीय महाविद्यालयों, अनुदान प्राप्त व निजी कालेजों के प्राचार्यों को निर्देश जारी कर दिए हैं. महिलाओं तथा युवतियों को उच्च शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला विकास निगम ने ‘शिक्षा ऋण योजना’ लागू की है.

शिक्षा ऋण के भार को कम करने की योजना

आमतौर पर सीमित साधनों, कालेजों की भारी- भरकम फीस और बैंकों के शिक्षा ऋण पर ब्याज के भार के कारण छात्राएं व्यावसायिक शिक्षा, तकनीकी डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर व चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने से वंचित रह जाती हैं. ऐसे में शिक्षा ऋण के बोझ से छुटकारा दिलाने के लिए 5% ब्याज सब्सिडी योजना की शुरुआत की गई है. इस योजना के तहत, हरियाणा की मूल निवासी छात्राएं एवं हरियाणा सरकार में कार्यरत सरकारी कर्मियों की बेटियां व पत्नियां पात्र होंगी जो देश- विदेश में कहीं पर भी शिक्षाएं ग्रहण कर रही है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में 1544 KM सड़कों का होगा चौड़ीकरण, 2028 तक सभी भवनों पर लगेंगे सोलर पैनल

इन डाक्यूमेंट्स की होगी जरूरत

आवेदन प्रपत्र के साथ बैंक का स्वीकृति पत्र, शैक्षणिक संस्था का पत्र, हरियाणा राज्य का स्थायी प्रमाण पत्र, हरियाणा सरकार में कार्यरत कर्मचारियों का पहचान पत्र, परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड तथा बैंक स्टेटमेंट का विवरण आवश्यक है. हरियाणा के बाहर अस्थाई रूप से रहने वाले कर्मचारियों के आश्रित यदि ऋण लेना चाहते हैं तो वे बैंक से ऋण लेकर नजदीकी जिला प्रबंधक कार्यालय में अपना केस भेज सकते हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.