हरियाणा में ढोसी की पहाड़ियों पर चढ़ना होगा आसान, 43 करोड़ की लागत से एक महीने में बनेगा रोपवे

महेंद्रगढ़ | दक्षिण हरियाणा के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. सीएम नायब सैनी (Cm Nayab Singh Saini) ने नारनौल के दक्षिणी छोर पर स्थित ढोसी की पहाड़ियों पर रोपवे बनाने के प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है. सिंचाई मंत्री डॉ. अभय सिंह ने इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास करते हुए बताया कि करीब एक महीने में इसका कार्य पूरा कर लिया जाएगा.

Rope Way

43 करोड़ रूपए होंगें खर्च

नांगल चौधरी से BJP विधायक एवं सिंचाई मंत्री डॉ. अभय सिंह ने बताया कि रोपवे के निर्माण कार्य पर 43 करोड़ की लागत राशि खर्च होगी. करीब 900 मीटर लंबे इस रोपवे के निर्माण से ढोसी की पहाड़ियों पर चढ़ाई आसान हो जाएगी. उन्होंने बताया कि हरियाणा में यह इस तरह का पहला प्रोजेक्ट होगा.

पहाड़ी की चोटी पर 2 मंदिर

नारनौल से 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ढोसी की पहाड़ियों की चोटी पर दो मंदिर है, जिनमें से एक 250 साल और दूसरा 100 साल पुराना है. मंदिर में च्वयन ऋषि, सुकन्या, कृष्ण और राधा की मूर्तियों को स्थापित किया गया है. इसके अलावा, भगवान विष्णु की एक अष्टधातु की मूर्ति शेषशय्या पर स्थित है. हालांकि, यह मूर्ति चोरी हो चुकी है.

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

बता दें कि साल 2023 में तत्कालीन सीएम मनोहर लाल ने ढोसी की पहाड़ियों का दौरा किया था और यहां पर्यटन स्थल विकसित करने को लेकर तमाम संभावनाओं पर विचार किया गया था. अब रोपवे के शुरू होने से यहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही, स्थानीय लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा होंगे. यहां पर पंचकर्मा केंद्र और पहाड़ी के पास स्थित ढोसी गांव में होटल व रेस्तरां बनाने का भी प्रस्ताव है, जिसके बाद इस क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में और अधिक पहचान मिलेगी.

ऐतिहासिक स्मारकों को जोड़ने की योजना

मंत्री डॉ. अभय सिंह ने शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि नारनौल में अनेक ऐतिहासिक स्मारक है. अब ढोसी की पहाड़ियों पर आने वाले पर्यटक इन ऐतिहासिक स्मारकों का भ्रमण भी कर सकेंगे. दिल्ली से बीकानेर और जैसलमेर होते हुए अनेक पर्यटक आते हैं. इन पर्यटकों को यहां बीच में रोककर एक सर्किट बनाया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.