स्पोर्टस डेस्क, IND VS NZ | भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा था. बता दें कि न्यूजीलैंड की टीम तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है. आज का मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया है. अब इस सीरीज का अंतिम मुकाबला 30 नवंबर को खेला जाएगा. अब भारत इस सीरीज को जीत नहीं सकता लेकिन यदि वह अंतिम मुकाबला जीत लेता है, तो वह सीरीज में बराबरी अवश्य कर लेगा. रविवार को अधिकतर समय बारिश होती रही, इस वजह से मैदान गीला हो गया.
रद्द हुआ दूसरा मुकाबला
बारिश की वजह से मैच में सिर्फ 12.5 ओवर का ही खेल हो पाया. दूसरी बार जब मैच रोका गया, तो दोबारा मुकाबला शुरू हो नहीं हो पाया. इस समय सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल 42 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि सूर्यकुमार यादव 34 रन बनाकर उनके साथ बल्लेबाजी कर रहे थे.
बारिश की वजह से यह मुकाबला लेट से शुरू हुआ था. आसमान में छाए बादलों के बीच न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया. मैच शुरू होने के महज थोड़े समय बाद भी बारिश आ गई जिस वजह से मैच को बीच में रोकना पड़ा.
जब मुकाबला दोबारा शुरू हुआ तो मैच को 29 ओवर का कर दिया गया. भारत ने खेल दोबारा शुरू होने पर दूसरी ही गेंद पर धवन का विकेट गंवा दिया. शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव बैटिंग कर रहे थे. दोनों ही अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे थे परंतु बारिश की वजह से इस मुकाबले को रद्द कर दिया गया है.
