चंडीगढ़, Fengal Cyclone | दक्षिण भारत से उत्पन्न हुए चक्रवर्ती तूफान फेंगल का असर आज से हरियाणा सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में देखने को मिलेगा. भारतीय मौसम विभाग द्वारा इस चक्रवर्ती तूफान के चलते प्रदेश में घना कोहरा छाने और खराब वायु गुणवत्ता की संभावना जताई है.
1 दिसंबर तक छाया रहेगा कोहरा
आईएमडी द्वारा जारी किए गए अलर्ट के अनुसार, आज से 1 दिसंबर तक प्रदेश के ज्यादातर जिलों में घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा, इससे विजिबिलिटी भी कम हो जाएगी. बता दें कि फेंगल चक्रवाती तूफान के चलते प्रदेश के 17 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है.
इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट
अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, महेंद्रगढ़, सिरसा, हिसार, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम विभाग द्वारा घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान यहाँ विजिबिलिटी 50 से 100 मीटर के बीच रह सकती है. ऐसे मौसम में वाहन चालकों को वाहनों में फॉग लैंप और अन्य जरूरी सुविधाएं साथ रखने की सलाह दी जाती है.
प्रदूषण से मिली हल्की राहत
बात करें अगर बीते 24 घंटे की तो इस दौरान दिन के अधिकतम तापमान में भी इजाफा देखने को मिला. सिरसा जिले में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री दर्ज किया गया, इसमें 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिली. सोनीपत में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रिकार्ड किया गया. मंगलवार को बहादुरगढ़ (एक्यूआई 315) को छोड़कर बाकी शहरों का एक्यूआई 200 से 300 के बीच दर्ज़ किया गया. गुरुग्राम का एक्यूआई 289, सोनीपत का 288, बल्लभगढ़ का 286, भिवानी का 227, फरीदाबाद का 215 और पानीपत का एक्यूआई 238 दर्ज़ किया गया.
