केमिस्ट्री में 100 फीसदी अंक लाने के लिए अपनाएं टीचर्स के सुझाए यह टिप्स; भर- भर के मिलेंगे मार्क्स

फरीदाबाद | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की परीक्षाएं जल्द ही आयोजित की जाएंगी. ऐसे में यदि विद्यार्थी सही रणनीति के साथ तैयारी करें, तो वे केमिस्ट्री विषय में 100% अंक प्राप्त कर सकते हैं. इस बारे में बल्लभगढ़ तिगांव गर्ल्स स्कूल की टीचर आशा शर्मा ने विद्यार्थियों के लिए कुछ महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए हैं, जिनकी मदद से परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सही रणनीति और नियमित अभ्यास से मेरिट लाना कोई मुश्किल काम नहीं है.

Chemistry Study Student Lab

एनसीईआरटी की किताबों का से करें पढ़ाई

आशा शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों को सबसे पहले एनसीईआरटी की किताबों को पूरी तरह से पढ़ना चाहिए. हर चैप्टर को ध्यान से समझें और महत्वपूर्ण टॉपिक्स को हाईलाइट करें. परीक्षा में अधिकतर सवाल इन्हीं किताबों से पूछे जाते हैं, इसलिए इन्हें अच्छे से तैयार करना जरूरी है. साथ ही, प्रत्येक सवाल और उनके उत्तरों को ठीक से याद करें ताकि परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें.

पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र करें हल

विद्यार्थियों को पिछले 10 वर्षों के बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्रों को हल करने की सलाह दी जाती है. इससे यह पता चलता है कि कौन- कौन से प्रश्न बार- बार पूछे जाते हैं और किन टॉपिक्स पर अधिक ध्यान देना चाहिए. यह अभ्यास समय प्रबंधन में भी मदद करता है. विद्यार्थी घर पर ही पुराने प्रश्न पत्र हल कर यह समझ सकते हैं कि क्या वे निर्धारित समय में पूरा पेपर हल कर पा रहे हैं या नहीं. इससे परीक्षा के दौरान आत्मविश्वास बढ़ेगा.

केमिकल रिएक्शन लिखकर करें याद

केमिस्ट्री में केमिकल रिएक्शन को लिखकर याद करना बेहद जरूरी होता है. खासकर ऑर्गेनिक केमिस्ट्री में कई नाम प्रतिक्रियाएं होती हैं, जिन्हें लिखने और अभ्यास करने से वे आसानी से याद हो जाती हैं. परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए विद्यार्थियों को रिएक्शन के साथ उनकी शार्ट डिटेल भी लिखनी चाहिए. सिर्फ केमिकल इक्वेशन लिखने से पूरे अंक नहीं मिलते, इसलिए उनके पीछे का कॉन्सेप्ट भी 3- 4 लाइनों में स्पष्ट करना जरूरी होता है.

समय प्रबंधन है सबसे जरूरी

परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन सबसे महत्वपूर्ण होता है. प्रश्न पत्र हल करते समय पहले उन्हीं प्रश्नों को करें, जिनमें आप अधिक सहज महसूस करें. प्रतिदिन एक निश्चित समय निकालकर पढ़ाई करें और जो भी नया सीखें, उसे लिखकर दोहराएं. जितना अधिक अभ्यास करेंगे, उतना ही परीक्षा में आत्मविश्वास बढ़ेगा और बेहतर रिजल्ट मिलेंगे.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts