भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की तरफ से 10वीं और 12वीं (शैक्षिक मुक्त विद्यालय) नियमित स्वयंपाठी वार्षिक परीक्षा फरवरी- मार्च 2025 के लिए प्रवेश- पत्र जारी कर दिए गए हैं. इन परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड मंगलवार से बोर्ड वेबसाइट www.bseh.org.in पर जारी हो चुके है.
10वीं (शैक्षिक मुक्त विद्यालय) नियमित स्वयंपाठी को वार्षिक परीक्षाएं 28 फरवरी से 19 मार्च तक और 12वीं की परीक्षाएं, 27 फरवरी से 29 मार्च तक आयोजित की जाएंगी.
यह रहेगा परीक्षा का समय
इन परीक्षाओं में प्रदेशभर में कुल 1431 परीक्षा केंद्रों पर 5,16,787 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. सभी परीक्षार्थियों में 2,72,421 लड़के व 2,44,366 लड़कियां शामिल हैं. परीक्षा का आयोजन दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक होगा. हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव अजय चोपड़ा द्वारा बताया गया कि 10वीं व 12वीं की वार्षिक परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) मंगलवार से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव हो चुके हैं.
कोई भी त्रुटि होने पर यहां करें संपर्क
सभी विद्यालय मुखिया बोर्ड वेबसाइट www.bseh.org.in पर अपने यूजर आइडी व पासवर्ड से लागिन करके आवश्यक दिशा- निर्देशों का पालन करते हुए विद्यालय में पढ़ रहें परीक्षार्थियों के प्रवेश- पत्र का रंगीन प्रिंट आउट ए4 साइज पेपर पर डाउनलोड करें. उन्होंने यह भी कहा कि अगर विवरणों में कोई गलती है, तो तुरंत बोर्ड कार्यालय में संपर्क करते हुए गलती में सुधार करने से संबंधित मूल दस्तावेज एवं इसके लिए लगने वाले शुल्क सहित बोर्ड कार्यालय में उपस्थित होकर इस गलती को ठीक करवा लें.
इस प्रकार डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
स्वयंपाठी परीक्षार्थी जों कंपार्टमेंट, अंक सुधार, अतिरिक्त विषय एवं पूर्ण विषय की परीक्षा देंगे वे अपना एडमिट कार्ड बोर्ड वेबसाइट पर दिए लिंक से पिछला अनुक्रमांक, नाम, पिता का नाम, माता का नाम भरते हुए प्रवेश पत्र का रंगीन प्रिंट आउट ए4 साइज पेपर पर डाउनलोड कर सकते हैं. मुक्त विद्यालय परीक्षा (फ्रेश, रि-अपीयर, सीटीपी, ओसीटीपी, मर्सी चांस, पूर्ण विषय अंक सुधार व आंशिक अंक सुधार श्रेणी) के लिए परीक्षार्थी अपना पिछला अनुक्रमांक, नाम, पिता का नाम, माता का नाम व रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करते हुए प्रवेश पत्र का रंगीन प्रिंट आउट डाउनलोड कर सकते है.
इतने विद्यार्थी देंगे परीक्षा
बोर्ड परीक्षा में कुल 4,75,620 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिसमें 10वीं कक्षा के 2,77,460 और 12वीं के 1,98,160 परीक्षार्थी शामिल है. ओपन स्कूल परीक्षा में प्रदेशभर में लगभग 41,167 परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे, जिसमें 10वीं मुक्त विद्यालय) कक्षा के 15,935 परीक्षार्थी और 12वीं (मुक्त विद्यालय) के 25,232 परीक्षार्थी होंगे. यदि कोई भी समस्या आती है, तो बोर्ड की वेबसाइट पर जारी हेल्पलाइन नंबर 01664- 254309 व बोर्ड के वेबसाइट पर सम्पर्क किया जा सकता है.
