चंडीगढ़ | राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 के तहत हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से एक बड़ा फैसला किया गया है. अब अंक सुधार के लिए सेकेंडरी (10वीं) और सीनियर सेकेंडरी (12वीं) के विद्यार्थियों को एक्स्ट्रा चांस प्रदान किया जाएगा. यह रूल बोर्ड से जुड़े सभी सरकारी, गैर- सरकारी स्कूलों और प्रोविजनल एसोसिएट स्टेटस प्राप्त गुरुकुलों व विद्यापीठों पर लागू रहेगा.
हरियाणा में छात्रों को बड़ा मौका
शैक्षणिक सत्र 2025- 26 के तहत, 12वीं की मुख्य वार्षिक परीक्षा 25 फरवरी से शुरू हो रही है. वहीं, 10वीं की परीक्षा 26 फरवरी से शुरू होंगी. पहली परीक्षा के रिजल्ट के बाद अंक सुधार के लिए विद्यार्थियों को मौका मिलेगा. अंक सुधार के लिए दूसरी परीक्षा जुलाई में आयोजित करवाई जाएगी. फाइनल मार्कशीट में उसी परीक्षा के अंक शामिल किए जाएंगे जिसमें स्टूडेंट की परफॉर्मेंस अच्छी रही होगी.
होगी दूसरी वार्षिक परीक्षा
बोर्ड की तरफ से साफ किया गया है कि दूसरी वार्षिक परीक्षा केवल रेगुलर छात्रों के लिए होगी. जो छात्र पहली वार्षिक परीक्षा में शामिल होंगे. वहीं, दूसरी परीक्षा देने के पात्र रहेंगे. पहली परीक्षा के रिजल्ट के बाद पुनः जांच, पुनर्मूल्यांकन और उत्तर पुस्तिका की कॉपी की सुविधा पहले की जैसे रहेगी.
UMC वाले स्टूडेंट नहीं हो पाएंगे शामिल
दूसरी परीक्षा के बाद यह सुविधा केवल उन्हीं विषयों के लिए दी जाएगी, जिनकी परीक्षा फिर से ली गई है. वहीं, जिन छात्रों पर पहली परीक्षा में यूएमसी (नकल का मामला) दर्ज हुआ है वे दूसरी परीक्षा नहीं दे पायेंगे. जिनका पेपर रद्द हुआ है वे छात्र दूसरी परीक्षा में शामिल हो पाएंगे.
