दिल्ली में लाडली की जगह लखपति बिटिया योजना होगी शुरू, 21वीं साल मिलेगी इतनी धनराशि

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने बेटियों से जुड़ी एक महत्वपूर्ण योजना में बदलाव करने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दो दशक से चल रही लाडली योजना को 31 मार्च 2026 तक बंद करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है. उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ शुरू करने की योजना बनाई जा रही है जो बेटियों के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा प्रदान करेगी.

Rekha Gupta

साल 2008 में लाई गई थी योजना

मुख्यमंत्री ने बताया कि साल 2008 में शुरू की गई ‘लाडली योजना’ को 31 मार्च को पूरी तरह बंद कर और 1 अप्रैल से ‘लखपति बिटिया योजना’ को लागू कर सरकार एक नई पहल शुरू करने जा रही है. उन्होंने बताया कि यह योजना शिक्षा पर आधारित वित्तीय प्रणाली के तौर पर तैयार की गई है जिससे बेटियों को आत्मनिर्भरता प्राप्त होगी और वे सामाजिक एवं आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदार बनेगी. यह नई योजना पुरानी योजना से अधिक राशि उपलब्ध कराएगी.

नई योजना में क्या खास?

नई योजना में सरकार हर लाभार्थी के लिए कुल 56 हजार रुपए तक की राशि जमा होगी जो पहले 36 हजार रुपए थी और यह राशि समय के साथ बढ़ती जाएगी. जब लाभार्थी की ग्रेजुएशन पूरी हो जाएगी या वह 21 वर्ष की हो जाएगी, तब यह राशि ब्याज सहित 1 लाख पहुंच जाएगी और सीधा उसके खाते में उपलब्ध हो जाएगी. योजना का लाभ प्रत्येक घर की 2 बेटियों को मिलेगा. योजना में यह बात स्पष्ट की गई है कि बेटी की शादी 18 वर्ष से पहले नहीं होनी चाहिए, वरना कोई राशि नहीं दी जाएगी.

यह भी पढ़े -  दिल्ली में जलभराव खत्म करने की तैयारी, 266 किमी नालों का होगा निर्माण और सुधार

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि नई योजना के कार्यान्वयन के लिए सरकार ने 160 करोड़ रुपए का बजट तैयार किया है. इसके लिए डिजिटल पोर्टल भी विकसित किया जाएगा ताकि आवेदन प्रक्रिया सरल एवं पारदर्शी रहे. सरकार का मानना है कि नई योजना के माध्यम से बेटियों की शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूत किया जाएगा.

Avatar of Anita Poonia
Anita Poonia
View all posts

मेरा नाम अनीता पूनिया है. मैं पिछले 2 साल से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हूँ. वर्तमान मे Haryana E Khabar न्यूज वेबसाइट के लिए कंटेंट राइटर का काम कर रही हूँ.