चंडीगढ़ | हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल के 5500 पदों के लिए अभ्यर्थियों का शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) 20 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है. पीएमटी की पूरी प्रक्रिया पूर्ण रूप से हाईटेक रहेगी. परीक्षा के दौरान यदि किसी भी युवा ने गड़बड़ी करने की कोशिश की या चालाकी दिखाई तो जर्मन मशीनों और आरएफआइडी तकनीक से उसे उसी समय पकड़ लिया जाएगा. आने वाली 20 अप्रैल से पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में पीएमटी शुरू हो रहें है.

मंगाई गई 25 जर्मन मशीनें
उम्मीदवारों की लंबाई और सीना मापने के लिए जर्मनी से विशेष सेंसर आधारित 25 मशीनें मंगाई गई हैं. इन मशीनों में सेंसर लगे हुए है जो ये सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी उम्मीदवार एड़ी उठाकर या गलत तरीके से अपना कद बढ़ाकर लाभ न ले पाए. यदि कोई उम्मीदवार माप के दौरान हल्की सी भी चालाकी करता है तो स्क्रीन पर तुरंत जीरो दिख जाएगा और उसे वहीं बाहर कर दिया जाएगा. इसके अतिरिक्त, रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआइडी) तकनीक भी लागू है.
करीबन 2.70 लाख उम्मीदवारों ने किया आवेदन
इससे हर उम्मीदवार की गतिविधि पर निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को तुरंत पकड़ा जा सकेगा. यह तकनीक न सिर्फ पारदर्शिता बढ़ाएगी बल्कि पूरी प्रक्रिया को तेज और व्यवस्थित भी करेगी. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने पीएमटी को लेकर अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट एक्स पर जानकारी साझा की है. इस भर्ती के लिए करीबन 2.70 लाख युवाओं ने अप्लाई किया है.
17 अप्रैल को जारी होंगे एडमिट कार्ड
भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए आयोग द्वारा चरणबद्ध शेड्यूल बनाया गया है. शुरुआती दिनों में प्रतिदिन करीबन 1000 उम्मीदवारों को बुलाया जाएगा. PMT का समय सुबह 6:30 से दोपहर 1:30 बजे तक होगा. उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड 17 अप्रैल को जारी होंगे. उम्मीदवारों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग की तरफ से भी व्यवस्था की जा रही है ताकि सभी उम्मीदवार समय से पंचकूला पहुंच जाए.