ज्योतिष डेस्क | जब भी हम किसी मंदिर में दर्शन करने जाते हैं, तो सबसे पहले नजर अक्सर मंदिर के शिखर पर लहराती ध्वजा पर पड़ती है. छोटा मंदिर हो या विशाल, उसके शीर्ष पर ध्वजा लगाने की परंपरा सदियों से चली आ रही है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इसे इतनी ऊंचाई पर ही क्यों लगाया जाता है? इसके पीछे सिर्फ धार्मिक आस्था नहीं बल्कि आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्व भी बताया जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मंदिर के ऊपर लगी ध्वजा उस मंदिर में विराजमान देवता की पहचान कराती है.

ध्वजा का रंग और उस पर बने चिह्न भी संबंधित देवता से जुड़े होते हैं. इसे मंदिर की पवित्र ऊर्जा और दैवीय शक्ति का प्रतीक माना जाता है. भक्त जब दूर से मंदिर की ध्वजा देखते हैं, तो उन्हें ईश्वर की मौजूदगी और संरक्षण का अहसास होता है.
बुराइयों पर जीत का संदेश
कई संस्कृतियों में ध्वज को विजय का प्रतीक माना गया है. मंदिर के शिखर पर लहराती ध्वजा भी इसी भावना को दर्शाती है. धार्मिक मान्यता है कि यह अज्ञानता, अहंकार और नकारात्मक विचारों पर आध्यात्मिक ज्ञान की जीत का संदेश देती है. ध्वजा भक्तों को यह याद दिलाती है कि ईश्वर की शरण में आकर व्यक्ति अपने भीतर की बुराइयों पर विजय पा सकता है.
त्याग और समर्पण का प्रतीक
सनातन धर्म के कई मंदिरों में नारंगी यानी भगवा रंग की ध्वजा लगाने की परंपरा है. भगवा रंग त्याग, वैराग्य और सादगी का प्रतीक माना जाता है. इसका संदेश है कि व्यक्ति अपने अहंकार और सांसारिक मोह को छोड़कर खुद को भगवान के चरणों में समर्पित करे. संतों और साधुओं के जीवन में भी इस रंग का विशेष महत्व माना गया है. धार्मिक मान्यताओं में ध्वज स्तंभ को धरती और ब्रह्मांड के बीच एक प्रतीकात्मक पुल माना जाता है.
इसे ब्रह्मांडीय धुरी यानी Axis Mundi से भी जोड़ा जाता है. मान्यता है कि जब ध्वजा ऊंचाई पर हवा में लहराती है तो यह धरती और आकाश के बीच आध्यात्मिक संबंध का प्रतीक बनती है. इसी वजह से मंदिर के शिखर पर ध्वजा को विशेष महत्व दिया जाता है.