Fortuner से ड्यूटी पर पहुंचता है सफाई कर्मचारी, हाथ में झाड़ू देख लोग रह गए हैरान; Video

नई दिल्ली | सफेद रंग की चमचमाती Toyota Fortuner से उतरकर एक शख्स जब हाथ में झाड़ू लेकर सफाई करने लगा, तो आसपास मौजूद लोगों का ध्यान उसकी तरफ चला गया. पहली नजर में किसी को अंदाजा नहीं था कि लग्जरी कार से पहुंचा यह व्यक्ति नगर परिषद में सफाई कर्मचारी है. कर्नाटक के बंटवाल की यह कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है. बीसी रोड पर Fortuner से पहुंचने वाले सेसप्पा की जिंदगी आज भले ही बदली हुई नजर आती हो, लेकिन उनका बचपन और शुरुआती जीवन बेहद मुश्किलों में गुजरा.

Fortuner

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1996 में उन्होंने बंटवाल नगर परिषद में काम शुरू किया था. उस समय उन्हें रोज सिर्फ 50 रुपए की दिहाड़ी मिलती थी. पढ़ाई भी तीसरी कक्षा तक ही हो सकी.

नहीं थे पैसे

सेसप्पा के परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब थी कि कई बार घर में खाने तक की परेशानी रहती थी. सबसे कठिन दौर तब आया जब उनके पिता का निधन हुआ. परिवार के पास अंतिम संस्कार तक के लिए पैसे नहीं थे. मजबूरी में सेसप्पा को पिता के शव को नेत्रावती नदी के किनारे ले जाकर खुद विसर्जित करना पड़ा. इस घटना ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया. उन्होंने तय किया कि परिवार को गरीबी और मजबूरी से बाहर निकालने के लिए वह हर संभव मेहनत करेंगे.

मुश्किल दौर में सेसप्पा शराब की लत के भी शिकार हो गए थे. वर्ष 2005 में बंटवाल के तत्कालीन सब-इंस्पेक्टर के.यू. बेलियप्पा ने उन्हें शराब छोड़ने की सलाह दी. इसके बाद उन्होंने नशा छोड़कर पूरी तरह मेहनत पर ध्यान देना शुरू कर दिया.

यह भी पढ़े -  नौकरी ज्वाइन करने के 10 मिनट बाद कैंडिडेट ने ठुकराया ऑफर, बॉस ने दी ऐसी जिम्मेदारी कि बन गया HR हेड

जिंदगी का टर्निंग पॉइंट

नगर परिषद की नौकरी के साथ उन्होंने खेती, दूध बेचने और पंचायत में पानी सप्लाई जैसे काम भी किए. छोटी बचत और लोन के सहारे उन्होंने पहले Maruti 800, फिर Scorpio खरीदी और आखिरकार सेकंड हैंड Fortuner लेने का सपना भी पूरा कर लिया. आज सेसप्पा अपनी Fortuner से ड्यूटी पर पहुंचते हैं, लेकिन कार की चमक उनके काम के प्रति नजरिया नहीं बदल पाई है. नगर परिषद पहुंचने के बाद वे सामान्य सफाई कर्मचारी की तरह झाड़ू उठाते हैं और अपनी जिम्मेदारी पूरी करते हैं.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.