पंचकूला | हरियाणा के अस्थाई मान्यता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले 20,000 छात्रों के लिए राहत भरी खबर आई है. इन स्कूलों में पढ़ने वाले 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी अब बोर्ड की वार्षिक परीक्षा दे पाएंगे. स्कूल शिक्षा निदेशालय द्वारा 31 मार्च 2007 से पहले संचालित और अनुमति प्राप्त स्कूलों की सूची हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड (HBSE) को भेज दी गई है. 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के नामांकन के लिए और सम्बंधता शुल्क भरवाने के लिए जल्दी ही पोर्टल भी खोल दिया जाएगा.
बच्चों के भविष्य की चिंता होगी खत्म
ऐसे स्कूलों को एप्लीकेशन फॉर्म के साथ सेशन 2023- 24 की अस्थाई सम्बंधता और 31 मई 2007 से पहले की अस्थाई मान्यता या स्वीकृति प्रति की कॉपी जमा करवानी होगी. इस निर्णय के बाद इन स्कूलों में पढ़ रहे करीब डेढ़ लाख बच्चों के भविष्य की चिंता भी अब दूर हो जाएगी. इस बारे में जानकारी देते हुए निजी स्कूल संघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यवान कुंडू ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षा 2025 से पहले सरकार द्वारा छात्र और अभिभावकों के हित में यह बड़ा फैसला लिया गया है. अब प्रदेश के 20,000 के लगभग विद्यार्थी चिंतामुक्त होकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर पाएंगे.
जिला शिक्षा अधिकारियों को शिक्षा निदेशालय द्वारा 6 दिसंबर 2024 को राज्य के इन स्कूलों को सत्र 2024- 25 का एक्सटेंशन लेटर जारी करते समय लिखित आदेश दिया था, जिनमें बताया गया था कि आगामी सत्र 2025- 26 के लिए ये स्कूल स्थाई मान्यता लिए बिना बच्चों का दाखिला नहीं करेंगे.
