चंडीगढ़ | जल्द ही हरियाणा बोर्ड परीक्षा (Haryana Board Exam) शुरू होने वाली है. 10वीं और 12वीं कक्षा के स्टूडेंट्स परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए लगातार मेहनत कर रहें है. हरियाणा में ज्यादातर विद्यार्थियों का इंग्लिश विषय कमजोर होता है. ऐसे में आज हम आपके लिए कुछ ऐसे टिप्स लेकर आए है, जिनसे आप अंग्रेजी विषय में भी अच्छे अंक प्राप्त कर सकते है. हमारे द्वारा बताये गए टिप्स अपनाकर आप परीक्षा में अच्छे अंक हासिल कर सकते है और टॉपर भी बन सकते है.
English में नंबर आएगा शानदार
छात्रों के लिए सबसे बड़ी चुनौती इंग्लिश का एग्जाम होता है. सरकारी स्कूलों के छात्रों को यह विषय कठिन लगता है, पर मेहनत और सही रणनीति अपनाकर आप इसमें 100% अंक हासिल कर सकते हैं. तिगांव गर्ल्स स्कूल की इंग्लिश लेक्चरर टीचर दीप्ति चंदेला का कहना है कि इंग्लिश में अच्छा रिजल्ट लाने के लिए सबसे पहले मेहनत जरूरी है.
अंदर के डर को करें दूर
विद्यार्थियों को यह समझना होगा कि अंग्रेजी सिर्फ एक भाषा है, जिसे सही तरीके से अभ्यास करके आसानी से सीखा जा सकता है. हिंदी जैसी कठिन भाषा को पढ़ और लिख पाने वाले छात्र इंग्लिश में भी अच्छी परफॉरमेंस कर सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले अंदर के डर को दूर करना जरूरी है. छात्रों को अपने अंदर विश्वास जगाना होगा कि वह ये कर सकते है. आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए छात्रों को हर दिन अभ्यास करना चाहिए. यदि प्रतिदिन एक प्रश्न को समझकर याद किया जाए, तो पूरे साल में 365 प्रश्न याद हो सकते हैं.
सैंपल पेपर से करें रेगुलर प्रैक्टिस
अपनी प्रैक्टिस को अच्छा करने के लिए सैंपल पेपर एक अच्छा विकल्प है. सैंपल पेपर का रेगुलर अभ्यास करना जरूरी है, जिससे आप पेपर पैटर्न को समझ सकते है और अपनी गलतियों को सुधार सकते है. 20 अंकों वाले सेक्शन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है क्योंकि यह आसानी से स्कोर किया जा सकता है. आपको हर चैप्टर की संक्षिप्त समीक्षा अपने शब्दों में लिखने की आदत बनानी चाहिए. कविताओं को व्यवस्थित तरीके से तैयार करना चाहिए, क्योंकि परीक्षा में 11 अंकों के प्रश्न यही से पूछे जाते हैं.
रिवीजन के लिए एक जगह लिखें महत्वपूर्ण प्रश्न
जो प्रश्न आपको याद नहीं रहते या जो महत्वपूर्ण प्रश्न है उन्हें संकलित कर एक जगह लिखना चाहिए, जिससे परीक्षा के दौरान आप आसानी से रिवीज़न कर सके. इंग्लिश के पेपर में रणनीति से उत्तर देने पर 10 से ज्यादातर अंक आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं. मेहनत, रेगुलर प्रैक्टिस और अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन पर काम करने से कोई भी स्टूडेंट इंग्लिश में 100% अंक ला सकता है. इन टिप्स को अपनाकर आप अच्छा स्कोर कर सकते है और टॉपर बन सकते है.
