दिल्ली के लोगों को मिलेगी दो डबल डेकर समेत 6 नए फ्लाईओवर की सौगात, जाम से मिलेगा छुटकारा

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने सोमवार को वित्त वर्ष 2024- 25 का बजट पेश किया. बजट भाषण में वित्त मंत्री आतिशी ने बताया कि राजधानी में ट्रैफिक को निर्बाध रूप से जारी रखने की दिशा में नई सड़कों व फ्लाईओवर के निर्माण व पुरानी सड़कों की मरम्मत के लिए 1,768 करोड़ रूपए का प्राविधान किया गया है.

flyover bridge pul highway

डबल डेकर फ्लाईओवर की सौगात

वित्त मंत्री आतिशी ने बताया कि इस साल के आखिर तक 6 नए फ्लाईओवर की सौगात दिल्ली के लोगों को मिलने जा रही है. इनका निर्माण कार्य बहुत जल्द पूरा कर लिया जाएगा. इसमें 2 डबल डेकर फ्लाईओवर भी शामिल हैं, जिनमें ऊपर के भाग में मेट्रो नीचे के भाग में वाहन रफ्तार भरेंगे और इसके नीचे भूतल पर भी वाहनों का आवागमन रहेगा.

इन जगहों पर बन रहे हैं फ्लाईओवर

उन्होंने बताया कि ऐसे फ्लाईओवर शहीद मंगल पांडेय मार्ग पर भजनपुरा के पास और आजादपुर कॉरिडोर के पास बन रहे हैं. पिछले सालों में यह पहला साल होगा, जिसमें इतने बड़े स्तर पर फ्लाईओवर और अंडरपास शुरू होंगे और जनता को जाम से झंझट से छुटकारा मिलेगा. आतिशी ने कहा कि दुनिया के किसी भी राज्य में सड़कों की गुणवत्ता से इकानॉमी की रफ्तार तय होती है.

यह भी पढ़े -  दिल्ली में ट्रैफिक जाम खत्म करने के लिए शुरू होगी नई व्यवस्था, घनत्व के आधार पर रंग बदलेगी बत्ती

दिल्ली की वित्त मंत्री ने बताया कि वर्तमान में दिल्ली में कई फ्लाईओवर और एलिवेटेड कॉरिडोर पर काम तेजी से चल रहा है. जो साल 2024- 25 में दिल्ली वालों को समर्पित किए जाएंगे. पंजाबी बाग फ्लाईओवर और राजा गार्डन फ्लाईओवर के बीच इंटीग्रेटेड कॉरिडोर पर 80% काम हो चुका है और शेष कार्य जल्द पूरा होगा.

इस साल शुरू होंगे फ्लाईओवर

  • बारापुला PHASE- 3 एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण- नंद नगरी से गगन सिनेमा जंक्शन पर फ्लाईओवर.
  • रानी झांसी रोड़ जंक्शन से आजादपुर कॉरिडोर पर मेट्रो के साथ डबल डेकर फ्लाईओवर.
  • करावल नगर- घोंडा- बृजपुरी जंक्शन पर मेट्रो के साथ डबल डेकर फ्लाईओवर.
  • मुकरबा चौक आउटर रिंग रोड़ पर अंडरपास का निर्माण.
  • आनंद विहार आरओबी से अप्सरा बार्डर आरओबी तक का फ्लाईओवर.
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.