चंडीगढ़ | बीते रविवार को किसान प्रदर्शनकारियों को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा दिया गया बयान अब उनके लिए मुश्किल बनता नजर आ रहा है. उनके बयान के बाद प्रदेश और देश भर में उनके इस्तीफे की मांग की जा रही है. अब एक वकील ने उनके खिलाफ केस दर्ज करने की मांग भी उठाई है.
हरियाणा के मुख्यमंत्री के बयान को लेकर एक वकील ने हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में ईमेल भेजकर बताया कि मुख्यमंत्री का भाषण भड़काऊ, असंवैधानिक और मामले के ऊपर संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है. साथ ही उन्होंने डीजीपी से मामले के ऊपर केस दर्ज करवाने की मांग भी की है.
सीएम मनोहर लाल का विवादित बयान
चंडीगढ़ में किसान मोर्चा के एक कार्यक्रम में सीएम खट्टर ने बयान दिया कि कुछ नए किसानों के संगठन उभर रहे हैं, उनको अब प्रोत्साहन देना पड़ेगा. उनको आगे लाना पड़ेगा खासकर उत्तर और पश्चिम हरियाणा में, दक्षिण हरियाणा में यह समस्या ज्यादा नहीं है, लेकिन उत्तर पश्चिम हरियाणा के हर जिले में अपने 500 या 700 किसान या फिर एक हजार लोग खड़े करो, उनको वालंटियर बनाओ. फिर जगह-जगह शठे शाठयम समाचरेत… की बात कहते हुए सीएम ने सामने बैठे लोगों से पूछा इसका क्या मतलब है. जिसके बाद भीड़ से आवाज आती है कि जैसे को तैसा. यहां यह भी कहा गया है कि उठा लो डंडे. जब डंडे उठाओगे तो जेल जाने की परवाह मत करो, दो चार महीने रह आओगे तो बड़े लीडर अपने आप बन जाओगे.
