रोहतक । रोहतक में चौहरे हत्याकांड की खौफनाक वारदात मामले में जैसे-जैसे पुलिस जांच आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे निकल कर सामने आ रहे हैं. अपने माता-पिता, बहन व नानी की हत्या करने वाले इस मामले को लेकर अब एक हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है. अपने ही परिवार का वजूद मिटा देने वाला आरोपी बेटा अभिषेक समलैंगिक है . पुलिस रिमांड के दौरान उसने खुलासा किया है कि वह सेक्स रिअसाइनमेंट सर्जरी के जरिए अपना जेंडर चेंज कराना चाहता था. सर्जरी के लिए पिछले एक साल से इंटरनेट पर इस तरह के हॉस्पिटल के बारे में जानकारी हासिल कर रहा था. जेंडर चेंज करवाकर वह उत्तराखंड के दोस्त के साथ विदेश जाने की तैयारी में था. जब परिजनों को इस बात की भनक लगी तो उसे पीटा गया जिससे गुस्सा होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया. अंदरुनी सुत्र ने बताया कि इस हत्याकांड के पीछे जमीनी विवाद का कोई कनेक्शन नहीं मिला है.
जेंडर चेंज के लिए 5 लाख रुपए का तकाजा
मिली जानकारी अनुसार इस हत्याकांड के पीछे की सबसे बड़ी वजह अभिषेक का समलैंगिक होना ही बताया जा रहा है. अभिषेक नैनीताल के एक युवक के साथ पिछले चार वर्ष से दोस्ताना संबंध में था. दोनों की दोस्ती चार वर्ष पहले दिल्ली में केबिन क्रू कोर्स के दौरान हुई थी. पुलिस सूत्रों ने बताया कि जेंडर चेंज करवाकर अभिषेक अपने इस दोस्त के साथ विदेश भागने की फिराक में था.
वह परिवार से जिन पांच लाख रुपयों को लेकर तकाजा दिखा रहा था ,उन रुपयों को दोस्त की मदद के नाम पर परिजनों से मांग रहा था. लेकिन इन रुपयों को वह अपने पास रखता और सर्जरी के लिए इस्तेमाल करता. घरवालों को जब पता चला तो उन्होंने पैसे देने से साफ मना कर दिया. इससे वह बहुत नाराज़ था. अभी तक की पुछताछ में अभिषेक ने अपनी समलैंगिकता को लेकर ही इस हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है.
सीने पर दोस्त का टैटू, अपनों को मारा
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब डेढ़ महीने पहले उसके माता-पिता ने उसे दोस्त के साथ संबंध रखने पर लताड़ लगाई थी. पापा बबलू पहलवान अपने इकलौते बेटे की इस आदत को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे थे और उन्होंने अपने बेटे की पिटाई भी की थी. लेकिन परिवार की पिटाई के बाद अभिषेक बहुत आक्रोशित हो गया था. उसने करीब एक महीने पहले अपने सीने पर दोस्त के नाम का टैटू गुदवाया था.
25 अगस्त को उसकी नानी भी उसे समझाने के लिए घर आई हुई थी लेकिन अभिषेक परिजनों से लड़-झगड़कर घर से चला गया. उसने दो दिन के लिए शहर के एक होटल में कमरा बुक करवाया जहां इस दौरान उसका दोस्त भी उसके साथ था. 27 अगस्त की सुबह 11 बजे घर आया और इस हत्याकांड को अंजाम देकर वापस होटल चला गया.
पुलिस ने क्राइम सीन दोहराया
चौहरे हत्याकांड के आरोपी अभिषेक को पुलिस मीडिया की नजरों से बचाते हुए गुरुवार अलसुबह 5 बजे विजय नगर स्थित उसके घर पर क्राइम सीन दोहराने के लिए लेकर आई. यहां करीब एक घंटे तक क्राइम सीन दोहराया गया और पुलिस इस मामले के हर एक पहलू को ध्यान में रख रही थी. अभिषेक ने सबसे पहले अपनी बहन , फिर नानी व मां और उसके बाद पिता को मौत के घाट उतारने की पूरी घटना को सिलसिलेवार ढंग से बताया.
