सोनीपत | हरियाणा के युवाओं के लिए रोजगार से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे सोनीपत जिले में हर साल 5 लाख नई गाड़ियां बनेगी. यहां खरखोदा IMT में मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड का सोमवार को दूसरी यूनिट का शुभारंभ हो गया है. अब दूसरे चरण में भी सालाना 2.5 लाख कारों का निर्माण होगा. अगस्त 2022 में यहां प्लांट निर्माण शुरू हुआ था. पहला चरण तैयार होने के बाद यहां सालाना 2.5 लाख कारें बन रही थीं. कार निर्माण में देश में नंबर-1 हरियाणा अब अगले कुछ साल तक एशिया में भी नंबर-1 हो जाएगा.

भारत और जापान के सहयोग वाली मारुति सुजुकी का एशिया का सबसे बड़ा कार उत्पादन संयंत्र सोनीपत के खरखौदा में लग चुका है. इससे पहले मानेसर और गुरुग्राम में दो प्लांट हैं. 2030 तक यह क्षमता 10 लाख तक पहुंचेगी. वर्तमान में कंपनी खरखौदा प्लांट में कॉम्पैक्ट एसयूवी ब्रेजा और मिड एसयूवी विक्टोरिस का निर्माण कर रही है.
खरखोदा में आएगी औद्योगिक क्रांति
मारुति सुजुकी कंपनी की हरियाणा के गुरुग्राम, मानेसर और खरखौदा के साथ- साथ गुजरात के हंसलपुर स्थित प्लांटों को मिलाकर कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता अब 26.5 लाख यूनिट तक पहुंच गई है. खरखोदा का प्लांट सुजुकी कंपनी के कार उत्पादन संयंत्रों में सबसे बड़ा होगा. इस प्लांट की जमीन के बदले में हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (HSIIDC) को 2,397 करोड़ रुपए दिए गए हैं.
दिल्ली के नजदीक होने के चलते सोनीपत से एक्सपोर्ट को बढ़ावा मिलेगा. ऑटोमोबाइल व अन्य सेक्टरों से जुड़े उद्योगों का हरियाणा में निवेश बढ़ेगा. गुरुग्राम और नोएडा की तरह खरखोदा तेजी से विकसित होगा. KMP एक्सप्रेस-वे के साथ प्रस्तावित रेल कॉरिडोर और 3 नेशनल हाईवे से खरखौदा तक कनेक्टिविटी बेहतर होगी.
हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
खरखोदा IMT में मारुति सुजुकी ने करीब 900 एकड़ जमीन ली है. 800 एकड़ में कार और 100 एकड़ में टू- व्हीलर वाहन बनेंगे. 18 हजार करोड़ रुपए का निवेश मारुति सुजुकी करेगी. मारुति व इससे संबद्ध इकाइयों से यहां 13 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा. वहीं, इस क्षेत्र में तेजी से जमीनों के भाव में तेजी आएगी.