Commonwealth Games 2022: हरियाणा की छोरी ने इंग्लैंड में दिखाया दम, गोल्ड जीतकर रचा इतिहास

स्पोर्ट्स डेस्क, Commonwealth Games 2022 | हरियाणा की पहलवान बेटी साक्षी मलिक ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में इतिहास रच दिया है. साक्षी ने फ्री स्टाइल कुश्ती के 62 किलोग्राम भारवर्ग में कनाडियन खिलाड़ी एन्ना गोडिनेज गोंजालेज को हराते हुए पहली बार गोल्ड मेडल जीतकर हिंदुस्तान की झोली को खुशियों से भर दिया. बता दें कि साक्षी मलिक इससे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत (2014) और कांस्य पदक (2018) जीत चुकी है.

Sakshi Malik Wrestler

साक्षी ने फाइनल मुकाबले में शुरुआत तो अच्छी की लेकिन थोड़ी सी ढीली पड़ गई ,जिसका फायदा उठाते हुए कनाडियन खिलाड़ी एन्ना ने साक्षी को टेकडाउन कर दो अंक हासिल किए. कुछ देर बाद साक्षी फिर एन्ना के पेंच में फंस गई और फिर टेकडाउन से दो अंक गंवा बैठी. इस तरह कनाडियन खिलाड़ी एन्ना गोडिनेज गोंजालेज ने पहले राउंड में 4-0 का स्कोर खड़ा कर लिया.

दूसरे राउंड में उतरी पहलवान साक्षी ने आते ही दमदार खेल दिखाया और टेकडाउन से दो अंक हासिल किए और फिर पिन कर गोल्ड मेडल जीता. पहले राउंड में साक्षी जिस तरह से पिछड़ रही थी उसे देख कर नहीं लग रहा था कि साक्षी गोल्ड मेडल जीत पाएगी लेकिन दूसरे राउंड में उन्होंने खेल में दमदार प्रदर्शन किया और एन्ना गोडिनेज को चित करते हुए कुछ ही सैकंड में बाजी पलट दी.

यह भी पढ़े -  एशियन गेम्स में भारतीय कबड्डी टीम से रहेगी गोल्ड की उम्मीदें, हरियाणा की बेटी रितु करेगी कप्तानी

ये मैच भी कुछ उसी तरह का था, जिस तरह साक्षी ने रियो ओलम्पिक -2016 में आखिरी क्षणों में पांच अंकों का दांव लगाते हुए भारत के लिए कांस्य पदक जीता था. साक्षी ने इस मैच में भी कुछ ऐसा ही कारनामा दिखाया और कुछ ही सैकंड में हारी हुई बाजी को गोल्ड मेडल में बदलकर स्वर्णिम अक्षरों में इतिहास लिख दिया.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.