भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की तरफ से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बड़ी राहत प्रदान की गई है. ग्रामीण इलाकों के इन बच्चों को अब बोर्ड परीक्षाओं के लिए दूसरे गांव में नहीं जाना होगा. बच्चों की सुविधा के लिए बोर्ड ने यह एक सराहनीय फैसला लिया है. अब 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा देने के लिए न तो दूसरे गावों में जाना होगा न ही शहरों की तरफ भागना होगा.
हरियाणा बोर्ड ने दिया तोहफा
बोर्ड द्वारा फैसला लिया गया है कि इस बार बोर्ड परीक्षाएं गांवों में ही आयोजित होंगी. जिन गांवों में सरकारी स्कूलों की व्यवस्था बेहतर होगी वहां परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे जबकि जिन गांवों के सरकारी स्कूलों में सुविधाओं की कमी है उन गांवों में प्राइवेट स्कूलों में केंद्र बनाया जाएगा. अनुमान के अनुसार लगभग पांच लाख परीक्षार्थी 10वीं व 12वीं की परीक्षा में शामिल होंगे, जिनमें करीबन 70% विद्यार्थी ग्रामीण क्षेत्रों से होते हैं.
परीक्षाओं की तैयारी में जुटा बोर्ड
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं फरवरी- मार्च में होने वाली है. बोर्ड द्वारा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियाँ की जा रही है. बोर्ड के मुताबिक, हर गांव में परीक्षा केंद्र स्थापित करने की प्लानिंग की जा रही है. हालांकि, साफ किया गया है कि जिस प्राइवेट स्कूल में विद्यार्थी पढ़ रहा है, उसी स्कूल में उसका केंद्र नहीं बनाया जाएगा. प्राइवेट स्कूलों में केंद्र बनाने पर सीसीटीवी कैमरे और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं अनिवार्य रहेगी.
बतौर ऑब्जर्वर ड्यूटी देगा बोर्ड कर्मचारी
इस बार नकल पर रोक लगाने के लिए भी सख्त व्यवस्था की गई है. हर परीक्षा केंद्र पर बोर्ड के एक कर्मचारी की बतौर आब्जर्वर ड्यूटी लगाई जाएगी. यदि कोई ड्यूटी स्टाफ, परीक्षार्थी या विद्यार्थी का स्वजन नकल करवाने में मदद करता है तो उस पर नियमानुसार कार्रवाई होगी. ग्राम पंचायतों की भी जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी ताकि स्थानीय स्तर पर नकल जैसी गतिविधि रोकी जा सके.
पंचायतों की भी जिम्मेदारी तय
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉक्टर पवन कुमार का कहना है कि इस बार गांव के विद्यार्थियों को अपने गांव में ही परीक्षा देने का मौका दिया गया है. हर परीक्षा केंद्र पर बोर्ड के कर्मचारी की तैनाती की जाएगी. पंचायतों को भी जिम्मेदारी दी जाएगी. यदि कोई स्टॉफ नकल करवाते पकड़ा गया तो उस पर कार्रवाई होगी.
