चंडीगढ़ | हरियाणा में बोर्ड परीक्षा से संबंधित एक जरूरी खबर सामने आई है. बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन हरियाणा (BSEH) ने बोर्ड परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही, नकल या पेपर लीक की स्थिति में कड़ा निर्णय लेने की घोषणा की है. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी परीक्षा केंद्र पर अनियमितता के कारण परीक्षा रद्द करनी पड़ती है तो दोबारा परीक्षा कराने के लिए सभी खर्चों की जिम्मेदारी केंद्र और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ की होगी.
CCTV की निगरानी में होगी परीक्षा
बोर्ड अधिकारियों ने बताया कि परीक्षाएं CCTV की निगरानी में आयोजित की जाएगी. जिन कमरों में ऑनलाइन कनेक्विटी होगी, परीक्षा के लिए प्रयोग किए जाएंगे. इसके साथ ही, कैमरों की रिकार्डिंग को 6 महीने के लिए रिकॉर्ड के तौर पर सुरक्षित रखा जाएगा.
जिला अधिकारी, ग्राम पंचायतें और विद्यालय प्रबंधन समितियां बोर्ड परीक्षा को सरल और पारदर्शी बनाए रखने में सहायता करेगी. अधिकारियों ने कहा कि यदि कोई गड़बड़ी होगी तो परीक्षा केंद्र को तुरंत स्थानांतरित किया जाएगा और संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
आज होंगे एडमिट कार्ड जारी
बोर्ड ने घोषणा की है कि 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए आज एडमिट कार्ड बोर्ड की वेबसाइट bseh.org.in पर जारी होंगे. 10वीं की परीक्षाएं 26 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक आयोजित होगी. 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 25 फरवरी से 1 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी.
10वीं और 12वीं की परीक्षा में लगभग 6 लाख उम्मीदवार 14 हजार परीक्षा केंद्रो पर परीक्षा देंगे. परीक्षा का समय दोपहर 12:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक रहेगा. सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए है कि अपने स्कूल के सभी छात्रों के लिए A- 4 साइज के पेपर पर एडमिट कार्ड के रंगीन प्रिंट आउट डाउनलोड करना सुनिश्चित करें.
