SYL के मुद्दे पर दुविधा में फंसे अरविंद केजरीवाल, किस राय से जनता के बीच मांगेंगे वोट

चंडीगढ़ | दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के लिए हरियाणा में सतलुज- यमुना लिंक SYL (एसवाईएल) सिरदर्द साबित हो रहा है. पंजाब में सत्ता हासिल करने के बाद हरियाणा में अपनी सियासी जमीन मजबूत करने में जुटे केजरीवाल के लिए एसवाईएल का मुद्दा चुनौती बन गया है. अभी तक पार्टी इस मामले पर पंजाब और हरियाणा के लिए कोई एक राय नहीं बना पाई है.

SYL Canal

वहीं इस बीच कुरुक्षेत्र में आप पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता के एक बयान से प्रदेश की राजनीति में बवाल खड़ा हो गया है. उन्होंने दावा करते हुए कहा है कि 2024 में हम हरियाणा में सत्ता हासिल कर रहे हैं और 2025 में एसवाईएल नहर का पानी हरियाणा के हर क्षेत्र में पहुंचाएंगे. यह हम गारंटी नहीं, वादा करते हैं. वहीं उनके इस बयान पर हरियाणा में राजनीतिक दलों कांग्रेस, भाजपा ने अरविंद केजरीवाल की घेराबंदी तेज कर दी है.

बता दें कि हरियाणा और पंजाब के बीच एसवाईएल नहर को लेकर कई दशकों से विवाद चल रहा है. केन्द्र से लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट तक भी गया, कोर्ट ने फैसला हरियाणा के हक में सुनाया था लेकिन हरियाणा आज भी अपने हक के पानी के लिए इंतजार कर रहा है.

केजरीवाल के लिए एक ओर दुविधा खड़ी हो गई है कि पंजाब में हाल ही में उनकी पार्टी ने सरकार बनाई हैं और हरियाणा में सरकार बनाने की चाहत है. पंजाब में सरकार बनते ही हरियाणा में आप पार्टी के कुनबे में दूसरी पार्टी के नेताओं के शामिल होने का सिलसिला जारी है. लेकिन अब एसवाईएल के मुद्दे पर पार्टी फंस गई है. वहीं पंजाब में सरकार बनते ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी पिछली सरकारों की तर्ज पर हरियाणा को पानी न देने का राग अलापना शुरू कर इस मुद्दे को और हवा दे दी है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में वरिष्ठ नागरिकों के लिए बड़ी खुशखबरी, FAR में बढ़ोतरी का मिला तोहफा; जानें क्या होगा फायदा

किस राय के साथ जनता के बीच जाए

केजरीवाल के लिए अब यह मुश्किल है कि वो किस राय के साथ हरियाणा की जनता से वोट मांगने जाएं. उनके सामने दुविधा है कि वह हरियाणा के हक की बात करें या पंजाब की क्योंकि केजरीवाल खुद हरियाणा के बाशिंदे है. वहीं सांसद सुशील गुप्ता पहले ही कह चुके हैं कि 2024 के विधानसभा चुनावों में हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी और इसके बाद पंजाब और हरियाणा के बीच एसवाईएल मुद्दे का समाधान किया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.