चंडीगढ़ | शिक्षा विभाग ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की कक्षा 10वीं और 12वीं की प्री- बोर्ड परीक्षाओं के लिए आदेश जारी कर दिए है. इस आदेश में बताया है कि जनवरी में राज्य के सभी जिलों में 10वीं और 12वीं की प्री- बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जा रही है.
हरियाणा बोर्ड पैटर्न पर आधारित
प्री- बोर्ड परीक्षाओं में प्रयोग होने वाली प्रश्न- उत्तर पुस्तिकाओं के पेजों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक होती है, लेकिन बोर्ड परीक्षाओं में प्रश्न के साथ उत्तर पुस्तिका अलग से दी जाती है. इसी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने प्री- बोर्ड एग्जाम को बोर्ड परीक्षा की तरह करवाने के निर्देश दिए है. इससे विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा जैसा अनुभव होगा और वे उत्तर लिखने की अच्छे तरीके से तैयारी कर सकेंगे.
सख्ती से पालन करने के निर्देश
शिक्षा विभाग ने सभी अधिकारियों को परीक्षा से संबंधित सभी कार्य सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए है. विभाग का कहना है कि इस तरीके से विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा का पैटर्न समझने में सहायता मिलेगी और उन्हें तैयारी का अच्छा मौका मिलेगा. इसके लिए विद्यालय स्तर पर CCWF, परीक्षा निधि और अन्य अनुमेय निधियों से जरूरी व्यवस्था की जा सकती है.
सभी जिला अधिकारियों को अपने अधीन आने वाले विद्यालयों में यह भी सुनिश्चित करना है कि प्री- बोर्ड परीक्षा में अलग से उत्तर पुस्तिका उपलब्ध कराई जाएं. ऐसा न करने वाले विद्यालय पर आवश्यक कार्यवाही की जाएं. यह आदेश माध्यमिक शिक्षा निदेशक, हरियाणा की ओर से 7 जनवरी को जारी किया गया है.
