हरियाणा में दिल दहला देने वाली घटना, दिनदहाड़े क्लासरूम में छात्र की चाकूओं से गोदकर हत्या

घरौंडा । हरियाणा के करनाल जिलें से एक बेहद ही चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां घरौंडा स्थित एक प्राइवेट स्कूल में एक छात्र ने दूसरे छात्र को चाकूओं से घोंप दिया. हमले में घायल छात्र को उपचार के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. यह पूरा घटनाक्रम स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया. इस हत्याकांड के पीछे दोनों छात्रों के बीच आपसी रंजिश बताई जा रही है.

Crime Image

मिली जानकारी अनुसार हरसिंहपुरा गांव स्थित संस्कार भारती प्राइवेट स्कूल में 12 वीं कक्षा की प्रेक्टिकल परीक्षा चल रही थी. परीक्षा के दौरान ही दोनों छात्र शुभम और वीरेन के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि शुभम ने वीरेन पर चाकू से हमला कर दिया.

इस घटना के वक्त कक्षा में स्कूल स्टाफ तथा कई अन्य बच्चे भी मौजूद थे. वीरेन को लहूलुहान हालत में देखकर स्कूल परिसर में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया और छात्र दहशत में इधर-उधर भागने लगे. वहीं वारदात को अंजाम देकर शुभम मौके से फरार हो गया. हमले में गंभीर रूप से घायल हुए छात्र वीरेन को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उसे करनाल रेफर कर दिया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि दोनों छात्र शुभम और वीरेन के बीच पहले भी अक्सर लड़ाई-झगड़ा होता रहता था. आज हुए इस हत्याकांड को भी पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है. वहीं दिनदहाड़े स्कूल में हुए मर्डर की सूचना मिलते ही डीएसपी मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ गांव में पहुंचे और घटना से जुड़ी जानकारियां एकत्रित की.

डीएसपी मनोज कुमार ने स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. वहीं इस हत्याकांड के बाद गांव के दो पक्षों के बीच भी तनाव की स्थिति पैदा हो गई है, जिसको देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. डीएसपी मनोज कुमार ने कहा कि गांव में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की हरसंभव कोशिश की जा रही है और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.