हरियाणा सरकार की बड़ी घोषणा, इन छात्राओं को स्नातकोत्तर तक फ्री मिलेगी शिक्षा

सोनीपत । हरियाणा की मनोहर सरकार लड़कियों को बेहतर शिक्षा सुविधा उपलब्ध कराने के अपने वादे को लेकर प्रतिबद्ध नजर आ रही है. मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार को सोनीपत के दौरें पर थे और इस दौरान उन्होंने यहां जीवीएम महिला कालेज के ड्रीम प्रोजेक्ट इन्द्रधनुष सभागार का लोकार्पण किया. यहां अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में 1लाख 80 हजार रुपए तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की बेटियों को स्नातकोत्तर तक की शिक्षा की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी.

haryana cm

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि बहन-बेटियों की शिक्षा के लिए हमारी सरकार समर्पित रुप से हरसंभव कोशिश कर रही है. बेटियां भले ही निजी शिक्षण संस्थानों से शिक्षा ग्रहण करें या फिर राजकीय संस्थानों से शिक्षा हासिल करें, सब निशुल्क रहेगा. उन्होंने कहा कि बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए लंबा सफर तय न करना पड़े, इसके लिए प्रति 20 किलोमीटर क्षेत्र में कालेज स्थापित किए गए हैं.

मुख्यमंत्री ने बताया कि अभी तक प्रदेश भर में 150 कालेज स्थापित किए जा चुके हैं और जहां तक यह सुविधा उपलब्ध नहीं हुई है, वहां बेटियों को 150 किलोमीटर तक की फ्री बस पास सुविधा मुहैया करवाई गई है. इसके लिए स्पेशल 150 महिला बसें सड़कों पर उतारी गई है. उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की बेटियों ने इंटरनेशनल लेवल पर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है और सुषमा स्वराज इसका एक बड़ा उदाहरण है, जिनके नाम पर हमारी सरकार ने 5 लाख रुपए की इनाम राशि के बेस्ट वूमेन अवार्ड की घोषणा की है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के मैदान से लेकर कल्पना चावला तक बेटियों ने हर क्षेत्र में अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में लिंगानुपात का आंकड़ा 871 प्रति 1000 था लेकिन अब सबके एकजुट प्रयासों से सुधार के बाद अब लिंगानुपात 924 पर पहुंच चुका है. इस लिंगानुपात को 950 पर लेकर जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. मुख्यमंत्री ने इस दौरान सभागार के सहयोग के लिए 21 लाख रुपए की राशि देने का भी ऐलान किया.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.