सिद्धू मूसेवाला से जुड़े मामले में बड़ा मोड़, शगनप्रीत के परिवार ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

चंडीगढ़ | दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के करीबी रहे शगनप्रीत सिंह के माता- पिता ने एक बार फिर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. उन्होंने पुलिस द्वारा कथित तौर पर बार- बार तंग किए जाने से सुरक्षा की मांग करते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है. मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर 24 जुलाई तक जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं. याचिकाकर्ता दलजीत कौर और सौदागर सिंह ने अदालत को बताया कि खन्ना पुलिस लगातार उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है.

Sidhu Moose Wala

अब तक उनके खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं. उनका आरोप है कि जब भी डॉनी बल गैंग के नाम पर किसी व्यक्ति को फिरौती की कॉल आती है, तो पुलिस बिना पर्याप्त जांच के उनके परिवार को मामले में नामजद कर देती है.

लगाया यह आरोप

याचिका में कहा गया है कि दर्ज किए गए दो मामलों में अदालत उन्हें पहले ही जमानत दे चुकी है. इसके बावजूद, पुलिस ने तीसरे मामले में सौदागर सिंह के साथ उनकी पत्नी दलजीत कौर को भी गिरफ्तार कर लिया. याचिकाकर्ताओं ने अदालत को बताया कि वे दोनों वरिष्ठ नागरिक हैं और उनका किसी भी आपराधिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं है. पुलिस लगातार उन्हें मामलों में घसीट रही है, जिससे उन्हें मानसिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

याचिका में पुलिस कार्रवाई को लेकर गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं. दंपति का कहना है कि पुलिस ने देर रात उनके घर की दीवार फांदकर प्रवेश किया और कार्रवाई की. उन्होंने अदालत को बताया कि इस तरह की कार्रवाई से उनका परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में पटवारियों को सताने लगा सांप का डर, फसल सर्वेक्षण से पीछे हटाए कदम

24 जुलाई को अगली सुनवाई

उन्होंने यह भी कहा कि उनका बेटा शगनप्रीत सिंह लंबे समय से परिवार से अलग है और उसे संपत्ति तथा पारिवारिक संबंधों से भी बेदखल किया जा चुका है. इसके बावजूद पुलिस उन्हें उसके नाम पर दर्ज मामलों से जोड़कर परेशान कर रही है. माता- पिता ने कुछ पुलिस अधिकारियों पर रिश्वत मांगने का भी आरोप लगाया है. उनका कहना है कि उन्हें मामलों से बाहर निकालने के नाम पर पैसे की मांग की गई थी और इस संबंध में डीजीपी को शिकायत भी भेजी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.

याचिकाकर्ताओं ने अदालत से मांग की है कि भविष्य में उनके खिलाफ कोई नया मामला दर्ज करने से पहले निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराई जाए और उन्हें बिना ठोस आधार के किसी भी केस में न जोड़ा जाए. हाईकोर्ट ने याचिका में लगाए गए आरोपों को गंभीर मानते हुए पंजाब सरकार से जवाब तलब किया है. मामले की अगली सुनवाई 24 जुलाई को होगी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.