चंडीगढ़ । हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने बिजली तारों की वजह से होने वाले हादसों पर संज्ञान लेते हुए कहा है कि बहुत जल्द ग्रामीण क्षेत्रों में घरों के उपर से गुजरने वाली तारों को शिफ्ट किया जाएगा ताकि हादसों पर अंकुश लग सके. उन्होंने कहा कि इस तरह की बहुत सी शिकायतें मिल रही है कि घरों के उपर से गुजरने वाली लाईनें हादसों को न्योता दे रही है. इसलिए इन्हें घरों के उपर से हटाया जाएं. बिजली मंत्री ने कहा कि इस कार्य को अमलीजामा पहनाने के लिए करीब 96 करोड़ रुपए का बजट जारी किया गया है..
विधानसभा में भी उठ चुकी है मांग
विधानसभा में भी कई बार सत्तासीन पार्टी के विधायकों के अलावा विपक्षी दलों के नेताओं ने भी घरों के उपर से गुजरने वाली तारों को शिफ्ट करने की पुरजोर मांग की है. प्रदेश में हजारों की संख्या में ऐसे ग्रामीण इलाके हैं जहां बड़ी तादाद में लोग 11हजार के.वी. की लाइनों की वजह से अपने मकानों का निर्माण कर पाने में असक्षम है. बिजली मंत्री ने बताया कि अब गांवों में सभी धार्मिक स्थलों, जोहड़ो, पार्कों आदि के उपर से गुजरने वाली लाइनों को शिफ्ट किया जाएगा. इसके अलावा शहरों में कॉलोनियों के उपर से गुजरने वाली 11 हजार के.वी की लाइनों को भी हटाया जाएगा. इसके लिए भी अलग से नीति तैयार की गई है.
