चंडीगढ़ | हरियाणा से निकलकर दुनिया के अलग-अलग देशों में अपनी पहचान बनाने वाले लोगों को अब एक संगठित मंच से जोड़ने की दिशा में पहल की गई है. हरियाणा सरकार विदेशों में रह रहे प्रदेश मूल के लोगों को पंजीकृत ‘हरियाणवी’ एसोसिएशन बनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है. प्रदेश के बड़ी संख्या में लोग वर्षों से दूसरे देशों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे हैं.

इनमें कारोबार, रोजगार और विभिन्न पेशों से जुड़े लोग शामिल हैं. अब ऐसे प्रवासी हरियाणवियों के बीच आपसी संपर्क को एक संस्थागत स्वरूप देने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है.
विदेशों में बनेगा नेटवर्क
नई पहल के तहत विदेश में रहने वाले हरियाणा मूल के लोगों को अपने स्तर पर संगठित होकर पंजीकृत एसोसिएशन बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. इससे अलग-अलग देशों में बसे लोगों को एक साझा मंच मिल सकेगा. इस तरह की एसोसिएशन के माध्यम से प्रवासी हरियाणवियों के बीच संपर्क और सहयोग बढ़ाने में मदद मिल सकती है. साथ ही, हरियाणा से उनका जुड़ाव बनाए रखने के लिए भी एक औपचारिक माध्यम तैयार होगा.
मिलेगा मंच
खेती, खेल, सेना और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों से जुड़े हरियाणा के लोग देश के साथ विदेशों में भी पहुंचे हैं. लंबे समय से अलग-अलग देशों में रह रहे ऐसे लोगों को अब उनकी जड़ों से जोड़ने की दिशा में यह पहल की गई है. पंजीकृत एसोसिएशन बनने से किसी देश या क्षेत्र में रहने वाले हरियाणवियों को एक-दूसरे से जुड़ने का संगठित माध्यम मिल सकेगा.