नवंबर में 11 महीने के निचले स्तर पर आई खुदरा महंगाई दर, यहाँ समझे कैसे मापी जाती है CPI

नई दिल्ली | नवंबर महीने में खुदरा महंगाई दर (CPI) घटकर 5.88% पर आ गई है. यह 11 महीने का सबसे निचला स्तर है. दिसंबर 2021 में महंगाई दर 5.59% थी. तब से यह लगातार 6% से ऊपर था. अक्टूबर 2022 में खुदरा महंगाई दर 6.77% थी जबकि सितंबर में यह 7.41% पर थी. वहीं, एक साल पहले यानी नवंबर 2021 में यह 4.91% थी. सीपीआई में गिरावट का यह लगातार दूसरा महीना है.

Mehngai

सब्जियों के दाम कम होने से महंगाई घटी

खाने-पीने की चीजों खासकर सब्जियों की कीमतों में गिरावट से महंगाई दर में कमी आई है. खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति अक्टूबर में 7.01% से घटकर नवंबर में 4.67% हो गई जबकि सब्जियों की महंगाई अक्टूबर के 7.77% से घटकर -8.08% पर आ गई है.

मंहगाई के प्रभावित करने के कारण

महंगाई का सीधा संबंध परचेसिंग पावर से है. अगर महंगाई दर 7% है तो 100 रुपये की कमाई की कीमत सिर्फ 93 रुपये रह जाएगी इसलिए महंगाई को ध्यान में रखकर ही निवेश करना चाहिए नहीं तो आपके पैसे की कीमत कम हो जाएगी.

आरबीआई ऐसे करती है महंगाई नियंत्रित

महंगाई को कम करने के लिए बाजार में धन का प्रवाह कम किया जाता है. इसके लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) रेपो रेट में बढ़ोतरी करता है. बढ़ती महंगाई से चिंतित आरबीआई ने हाल ही में रेपो रेट में 0.35% की बढ़ोतरी की है. इससे रेपो रेट 5.90% से बढ़कर 6.25% हो गया है.

यह भी पढ़े -  पश्चिमी UP व हरियाणा के रेलयात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, नॉन- इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 5- 13 मई तक रद्द रहेगी कई ट्रेनें

क्या होता है सीपीआई

दुनिया भर की कई अर्थव्यवस्थाएं मुद्रास्फीति को मापने के लिए WPI (थोक मूल्य सूचकांक) को अपना आधार मानती हैं. भारत में ऐसा नहीं होता है. हमारे देश में WPI के साथ-साथ CPI को भी महंगाई रोकने का पैमाना माना जाता है.

भारतीय रिजर्व बैंक मौद्रिक और ऋण संबंधी नीतियों को निर्धारित करने के लिए थोक मूल्यों को नहीं, बल्कि खुदरा मुद्रास्फीति को मुख्य मानक मानता है. WPI और CPI अर्थव्यवस्था की प्रकृति में एक दूसरे को प्रभावित करते हैं. इस तरह अगर WPI बढ़ता है तो CPI भी बढ़ेगा.

ऐसे तय होती है रिटेल महंगाई दर

कच्चे तेल, जिंस कीमतों, विनिर्मित लागत के अलावा और भी कई कारक हैं जो खुदरा महंगाई दर को निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. करीब 299 वस्तुएं ऐसी हैं, जिनके दामों के आधार पर खुदरा महंगाई की दर तय होती है.

रिटेल महंगाई दर, प्रतिशत में

  • जनवरी – 6.01
  • फरवरी – 6.07
  • मार्च – 6.95
  • अप्रैल – 7.79
  • मई – 7. 04
  • जून – 7.01
  • जुलाई – 6.70
  • अगस्त – 7.00
  • सितंबर – 7.41
  • अक्टूबर – 6.77
  • नवंबर – 5.88
Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.