अमेरिका बैठे हरियाणा के शख्स ने सीएम खट्टर को दी जान से मारने की धमकी, देशद्रोह का मामला दर्ज

कैथल । हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को जान से मारने की धमकी दी गई है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर हो रहा है जिसमें एक युवक मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दे रहा है. इस वीडियो में मुख्यमंत्री के साथ ही पुलिस अधिकारियों को भी धमकी दी गई है.

haryana cm

कैथल जिले के गांव नरड़ निवासी संदीप उर्फ मिप्पा ने विदेश में बैठकर इस वीडियो के जरिए मुख्यमंत्री और पुलिस अधिकारियों को जान से मारने की धमकी दी है. पुलिस ने इस मामले में तितरम थाने के सुरक्षा एजेंट मेहताब की शिकायत पर संदीप उर्फ मिप्पा के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में उसके पिता रणबीर, चाचा रामबीर, भाई प्रदीप और विकास को भी आरोपित बनाया है.

अमेरिका में बैठे दी धमकी

आरोपित संदीप उर्फ मिप्पा ने वीडियो शेयर कर कहा है कि हरियाणा में मिप्पा बांगरू नाम से उसका गिरोह सक्रिय है. अगर उसके गिरोह के किसी भी सदस्य को तंग किया गया तो सबसे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री को अपनी जान से हाथ धोना पड़ेगा और उसके बाद पुलिस अधिकारियों का नंबर लगेगा. वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि आरोपित अपने हाथ में तलवार लिए हुए है.

पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद ने बताया कि आरोपित को जल्द भारत लाने के प्रयास किए जाएंगे. बता दें कि आरोपित संदीप उर्फ मिप्पा का विवादों से चोली-दामन का साथ रहा है. करीब एक साल पहले भी संदीप उर्फ मिप्पा ने एक जाति विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद प्रदेश भर में उसकी गिरफ्तारी की मांग उठी थी. उस समय भी संदीप उर्फ मिप्पा के खिलाफ तितरम थाने में केस दर्ज हुआ था.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.