नई दिल्ली । दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क ने अपने एक और ऐलान से दुनिया को चौंका दिया है. हाल ही में माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट ट्विटर को 44 अरब डॉलर में खरीदने वाले एलन मस्क ने अब कोका-कोला को खरीदने का ऐलान कर दिया है. ट्विटर को खरीदने के बाद 48 घंटों में ही अरबपति एलन मस्क ने ट्वीट कर कोका- कोला को खरीदने की घोषणा की है. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा है कि ‘अब मैं कोका-कोला में कोकीन वापस लाने के लिए उसे खरीद रहा हूं.’
हालांकि ट्वीटर को खरीदने वाले एलन मस्क रियल में कोका- कोला को खरीदने वाले हैं या सिर्फ मजाक कर रहे हैं, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा. इसके अलावा उन्होंने एक और ट्वीट में अपनी तस्वीर के साथ लिखा है कि “सुनो, मैं चमत्कार नहीं कर सकता.” इस ट्वीट में उन्होंने जो तस्वीर साझा की है, उसमें एलन मस्क की ट्विटर प्रोफाइल के साथ लिखा है- “अब मैं McDonald’s को खरीदने वाला हूं और उसकी सभी आइसक्रीम मशीनों को सही करूंगा.”
बता दें कि एक अन्य ट्वीट में एलन मस्क ने ट्वीटर को और मजेदार बनाने का वादा भी किया है. उन्होंने ट्वीट किया, “आइए ट्विटर को अधिकतम मज़ेदार बनाएं.” उन्होंने कहा कि वह नए फीचर्स के साथ ट्वीटर को और बेहतर बनाएंगे. इसके एल्गोरिदम को सभी के लिए ओपन करेंगे.
एलन मस्क अपनी ट्विटर टाइमलाइन पर कभी-कभी हल्के-फुल्के विचारों को साझा करने के लिए भी जाने जाते हैं. उनके ट्वीट अक्सर विभिन्न मुद्दों पर बहस छेड़ देते हैं. बता दें कि ट्विटर और टेस्ला प्रमुख एलन मस्क के बीच 44 अरब डॉलर की डील हुई है. CNN की रिपोर्ट के अनुसार, सौदे की शर्तों के तहत शेयरधारकों को उनके स्वामित्व वाले ट्विटर स्टॉक के लिए 54.20 अमेरिकी डॉलर प्रति शेयर नकद मिलेगा.
