टोल प्लाजा ने दी बड़ी छूट, इन 9 गांवों के लोगों का मात्र 100 रुपए में बनेगा मासिक पास

पंचकूला | हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता की सार्थक पहल रंग लाई है जिससे बरवाला क्षेत्र के आसपास के 9 गांवों के लोगों ने राहत भरी सांस ली है. बता दें कि पंचकूला- यमुनानगर सड़क मार्ग पर स्थित जलौली टोल प्लाजा पर ग्रामीणों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ती थी. आसपास के गांवों के लोगों से यहां मासिक पास के रूप में 285 रुपए वसूले जा रहे है, जिसे अब मात्र 100 रुपए करवा दिया गया है. इस छूट का फायदा आसपास के 9 गांवों के लोगों को मिलेगा.

TOLL

गौरतलब है कि टोल प्लाजा पर मासिक पास में फीस कटौती की मांग को लेकर इस क्षेत्र के लोग लंबे समय से प्रयास कर रहे थे. सोमवार को मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन अशोक शर्मा के नेतृत्व में 9 गांवों के सरपंच और गणमान्य व्यक्तियों के एक समूह ने विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को अपने जरुरी कामों के लिए शहर की तरफ आना होता है लेकिन जलौली टोल पर उन्हें जेब ढीली करनी पड़ती है.

ग्रामीणों की मांग को सुनते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने टोल प्लाजा कंपनी के मैनेजर को बुलाया और उन्हें ग्रामीणों के साथ सहयोगात्मक रवैया अपनाने के निर्देश दिए. इस पर टोल प्लाजा कंपनी के मैनेजर ने ग्रामीणों की मांग स्वीकार कर ली और दोनों पक्षों की बातचीत के बाद 9 गांवों के लोगों के लिए मासिक पास की फीस 100 रुपए वसूले जाने पर सहमति बन गई.

इस छूट का लाभ बरवाला, रिहौड़, बतौड़, भरैली, टाबर, मौली, नया गांव, सुल्तानपुर और भगवानपुरा गांव के लोगों को मिलेगा. विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात करने पहुंचे लोगों ने उनकी मांग को स्वीकार करवाने पर ज्ञान चंद गुप्ता का धन्यवाद किया.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.