सिरसा । ऐलनाबाद उपचुनाव का बिगुल बजने के साथ ही चुनाव आयोग ने कोरोना महामारी को देखते हुए दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं. चुनाव आयोग ने कोरोना महामारी के चलते किसी भी पार्टी को रोड़ शो निकालने की इजाजत नहीं दी है. रोड़ शो पर पूरी तरह से बैन रहेगा. सभी पार्टियों के उम्मीदवारों को डोर- टू- डोर अभियान के दौरान अपने साथ केवल 5 आदमियों को रखने की अनुमति दी गई है.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ऐलनाबाद उपचुनाव के लिए 30 अक्टूबर को वोटिंग होगी और 2 नवंबर को नतीजा आएगा. जिला निर्वाचन अधिकारी और सिरसा उपायुक्त अनीश यादव ने बताया कि उपचुनाव को लेकर उनकी तरफ से पूरी तैयारी है. उन्होंने बताया कि उपचुनाव को लेकर 1 अक्टूबर को गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा. चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार 8 अक्टूबर तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे. 11 अक्टूबर को नामांकन पत्र की छंटनी होगी और 13 अक्टूबर तक नामांकन वापस लें सकतें हैं.
बता दें कि ऐलनाबाद सीट से विधायक अभय सिंह चौटाला ने कृषि कानूनों के विरोध में इसी साल 27 जनवरी को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था. फिलहाल इस सीट पर उपचुनाव होना है और इस सीट को जीतने के लिए सभी राजनीतिक दल जोर- आजमाइश करते हुए नजर आएंगे.
