महेन्द्रगढ़ | हरियाणा में आज भी अनेकों ऐतिहासिक धरोहरें है जो अपने सालों के इतिहास को समेटे हुए है. इसी कड़ी में नारनौल में स्थित बीरबल का छत्ता न केवल एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है बल्कि एक ऐतिहासिक धरोहर के रूप में भी विख्यात है. आइए आपको बीरबल के छत्ते की कहानी और इसके रहस्यों के बारे में जानकारी देते हैं…
मुगलकालीन वास्तुकला का अद्वितीय उदाहरण
हरियाणा और राजस्थान की सीमा पर महेन्द्रगढ़ में स्थित बीरबल का छत्ता पहले बालमुकुंद का छत्ता कहलाता था. छत्ता का मतलब घर होता है. यानि इसे बीरबल का घर कहा जा सकता है. यह स्थल मुगलकालीन वास्तुकला का एक अद्वितीय उदाहरण है, जिसमें विशाल बरामदे, सीढ़ियां और छतरियां शामिल हैं.
जलवायु नियंत्रण की अनोखी तकनीक
गर्मी के मौसम में इस छत्ते को ठंडा रखने के लिए भूमिगत कक्षों में झरनों का इंतजाम किया गया है. दक्षिण-पूर्व कोने में स्थित एक कुआं जलाशय में पानी भरने का कार्य करता है. यह जलवायु नियंत्रण की एक अनोखी तकनीक है, जो इस ऐतिहासिक स्थल को और भी खास बनाती है.
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, बीरबल का छत्ता दिल्ली, जयपुर, महेंद्रगढ़ और लोसी के बीच एक सुरंग से जुड़ा हुआ है. बताया जाता है कि एक बार कुछ लोगों का समूह इस सुरंग को देखने के लिए इसके भीतर गया था लेकिन वापस नहीं लौटा. यह सुरंग आज भी अपने अंदर रहस्य को समेटे हुए है.
पूरी बारात हो गई थी गायब
बीरबल, जो अकबर के नवरत्नों में शामिल थे, अक्सर इस छत्ते में आते थे. जिसके चलते इसका नाम बीरबल का छत्ता पड़ा. यह स्थल न केवल खूबसूरत है, बल्कि इसके साथ जुड़ी कहानियाँ भी इसे रोमांचक बनाती हैं. युवाओं में इस स्थल के प्रति खासा उत्साह है, जबकि बुजुर्गों में इसके रहस्यमयी स्वरूप के कारण भय का अनुभव रहता है.
बुजुर्गो का कहना है कि बीरबल का छत्ता एक भूतिया स्थान है. यहां पर स्थित सुरंग में जाने वाले की आज तक कोई खबर नहीं मिली है. बताते है कि एक पूरी बारात भी इस सुरंग में गायब हो गई थी. इस घटना के बाद प्रशासन ने सुरंग को बंद कर दिया था.
