दीपावली वाले दिन नहीं हो पाएंगे खाटू श्याम जी के दर्शन, कपाट 2 दिनों तक रहेगा बंद

नई दिल्ली | खाटू श्याम जी मंदिर के द्वार दीपावली के दिन बंद रहेंगे. मंदिर कमेटी ने पत्र जारी कर यह सूचना दी है. मंदिर कमेटी ने सुबह से लेकर शाम 5 बजे तक मंदिर के द्वार बंद होने की जानकारी दी है. साथ ही अगले दिन भी सूर्य ग्रहण के कारण मंदिर पूर्ण रुप से बंद रहेगा.

khatu shyam ji

मंदिर कमेटी ने पत्र में बताया है कि सोमवार को दीपावली के दिन बाबा श्याम का तिलक व श्रृंगार होने के कारण सुबह 4:30 से शाम 5:00 बजे तक मंदिर के द्वार बंद रहेंगे.

वहीं, 25 अक्टूबर मंगलवार को सूर्य ग्रहण होने के कारण मंदिर के पट् उक्त दिवस को भी पूर्ण रुप से बंद रहेंगे. 26 अक्टूबर शाम 5:30 बजे से मंदिर के द्वार फिर से खोले जाएंगे. मंदिर प्रशासन ने अपील की है कि श्रद्धालु दर्शन करने दिए गए समय पर ही आए.

राजस्थान के सीकर जिले में है यह मंदिर

खाटूश्याम मंदिर राजस्थान के सीकर जिले में स्थित है. यह भगवान कृष्ण के सबसे प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है. हिंदू धर्म के अनुसार इस मंदिर का बहुत महत्व है. ऐसा माना जाता है कि खाटूश्याम जी को भगवान कृष्ण से वरदान मिला था कि कलियुग में उनकी पूजा श्याम नाम से की जाएगी. खाटूश्याम जी का बचपन में बर्बरीक नाम था और श्याम नाम उन्हें भगवान कृष्ण ने दिया था. कहा जाता है कि उनके बाल घुँघराले थे, इसलिए उनका नाम बर्बरीक पड़ा. इसके अलावा उन्हें श्याम बाबा, खाटू वाला श्याम, कलियुग के अवतार, दीनो के नाथ, खाटू नरेश आदि नामों से भी पुकारा जाता है. खाटू श्याम जी बचपन में वीर और पराक्रमी थे. उन्होंने अपनी मां मोरवी और भगवान कृष्ण से युद्ध की कला सीखी.

यह भी पढ़े -  दिल्ली में जलभराव खत्म करने की तैयारी, 266 किमी नालों का होगा निर्माण और सुधार

भीम के पुत्र थे खाटूश्याम

खाटूश्याम जी का संबंध मध्यकालीन महाभारत से है. वह भीम के पुत्र घटोत्कच और दैत्य मुर की पुत्री मोरवी के पुत्र थे. खाटूश्याम बचपन से ही बहुत वीर योद्धा थे और उनकी क्षमताओं और शक्तियों से प्रसन्न होकर भगवान कृष्ण ने बाबा खाटूश्याम को कलियुग में श्याम के रूप में उनकी पूजा करने का वरदान दिया था. खाटूश्याम मंदिर राजस्थान राज्य के सबसे महत्वपूर्ण मंदिरों में से एक माना जाता है.

कैसे पहुंचें खाटूश्याम मंदिर

खाटूश्याम मंदिर जयपुर से करीब 80 किलोमीटर दूर खाटू गांव में स्थित है. अगर आप यहां फ्लाइट से जाना चाहते हैं तो जयपुर एयरपोर्ट जा सकते हैं और फिर वहां से टैक्सी ले सकते हैं. आप ट्रेन से जयपुर जा सकते हैं और टैक्सी से इस मंदिर तक पहुंच सकते हैं. आप दिल्ली से सड़क मार्ग से 5-6 घंटे में यहां पहुंच सकते हैं.

Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.